सिसवा रेलवे स्टेशन पर बापूधाम सुपरफास्ट का होगा ठहराव
सिसवा बाजार। नगर के व्यापारियों की मांग पर सोमवार को मडुवाडीह से मुजफ्फरपुर जाने वाली बापूधाम सुपरफास्ट ट्रेन का सिसवा रेलवे स्टेशन पर ठहराव होगा। इस ट्रेन का संचालन कोविड काल से बंद था।
बापूधाम एक्सप्रेस का सिसवा स्टेशन पर ठहराव पहली बार सात जून 2017 को तत्कालीन रेलमंत्री मनोज सिन्हा के कार्यकाल में सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार, शनिवार किया गया था। ट्रेन से सिसवा, निचलौल, ठूठीबारी, महराजगंज, नौरंगिया, पनियवा, पड़ोसी देश नेपाल सहित अन्य क्षेत्रों के सैकड़ों व्यापारी व तीर्थ यात्री वाराणसी तक की यात्रा करते हैं। कोविड काल में ट्रेन बंद हो गई। संचालन शुरू होने के बाद से सिसवा में इसका ठहराव नहीं हो रहा था।
व्यापार मंडल के जिला मंत्री प्रमोद जायसवाल के अगुवाई में व्यापारियों ने केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने मांगे पूरी कराने का आश्वासन दिया था। अब सिसवा में सोमवार और बुधवार दो दिन बापूधाम एक्सप्रेस का ठहराव होगा। इसका शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी करेंगे।