चौक बाजार। नगर पंचायत चौक स्थित थाना परिसर में पेड़ों की छंटाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बरगद के पेड़ की डाली गिरने से परिसर में लगा बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे करीब तीन घंटे तक थाने की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोपहर थाना परिसर में स्थित पीपल व बरगद के पेड़ों के पास चबूतरा निर्माण के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई भी की जा रही थी। अचानक बरगद की एक बड़ी डाल बिजली के खंभे पर गिर गई। इससे बिजली का खंभा कई हिस्सों में टूट गया। इतना ही नहीं, चहारदीवारी पर लगे बल्ब व पाइप भी टूट गए। घटना के तुरंत बाद पावर हाउस को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त खंभे और केबल को हटाया और नया खंभा लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त खंभे के स्थान पर नया खंभा लगाकर जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया है। संवाद