जिलास्तरीय साख समिति की विशेष बैठक में सीडीओ ने दिए निर्देश
महराजगंज। जिला स्तरीय साख समिति की विशेष बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलास्तरीय पुनरीक्षण समिति की 30 जनवरी 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई।
जानकारी के अनुसार, बैठक के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लंबित मामलों, ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए सीडीओ ने संबंधित बैंकों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। साथ ही बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित अन्य सरकारी ऋण योजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण स्वीकृत करके वितरण सुनिश्चित किया जाए।
बैंकिंग परिदृश्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि दिसंबर 2025 तक जनपद का कुल जमा 8739.68 करोड़ और कुल ऋण 6344.49 करोड़ है। जनपद का सीडी रेशियो 72.60 फीसद दर्ज किया गया है, यह निर्धारित मानक से अधिक है। इस पर अध्यक्ष ने सीडी रेशियो में और सुधार के लिए प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक ऋण योजना एवं ब्लॉक क्रेडिट प्लान पर भी चर्चा की गई और प्रस्तावित लक्ष्य को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया। साथ ही 20 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा क्रेडिट कैम्प की तैयारियों की समीक्षा करके सभी बैंकों को अधिकतम ऋण वितरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक भूपेन्द्र मिश्रा ने किया। बैठक में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।