महराजगंज। बृहस्पतिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज प्रथम के परिसर में रोटरी क्लब की ओर से बेसिक एजुकेशन एंड लिटरेसी कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर के चयनित 10 विद्यालयों के मेधावी 50 छात्र-छात्राओं को बैग, पेंसिल-बॉक्स, पानी बोतल और प्रशस्ति पत्र का वितरण किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने रोटरी क्लब के सामाजिक कार्य करने के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण का भी ध्यान रखना चाहिए। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है।
रोटरी क्लब के चार्टर्ड प्रेसिडेंट विंध्यवासिनी सिंह ने कहा कि स्कूल बैग के साथ बच्चों को एक–एक नैतिक शिक्षा की पुस्तकें भी दी जा रही हैं, जिसके द्वारा बच्चों में नैतिक मूल्यों का बीजारोपण करने का प्रयास है। जैसी पुस्तकें बच्चे पढ़ते हैं, वैसे ही विचारों का उनमें सृजन होता है।
उन्होंने कहा कि नगर के 50 मेधावी बच्चों को सम्मानित करने से अन्य विद्यार्थियों में भी पढ़ाई के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि नगर के प्राथमिक विद्यालय प्रथम, प्राथमिक विद्यालय बैकुंठपुर, प्राथमिक विद्यालय पिपरदेउरा, प्राथमिक विद्यालय बैजनाथपुर कला, पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रथम एवं द्वितीय सहित अन्य विद्यालयों के पांच पांच मेधावी छात्र-छात्राओं को बैग, पेंसिल-बॉक्स, पानी का बोतल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब के पूर्व सचिव हमीदुल्लाह खान, डॉ. जैनुल आबेदीन, सचिव देवेश पांडे, कोषाध्यक्ष डॉ. साजिद अहरारी, रवि गोयनका, दशरथ, सुरेश कश्यप, प्रधानाचार्य बैजनाथ सिंह, विनोद गुप्ता मौजूद रहे।