महराजगंज। खुले में शराब पीकर हुड़दंग मचाने और कार में बैठकर शराब पीने वालों की अब खैर नहीं है। ऐसे लोगों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। इसके लिए पुलिस टीम का गठन भी हो चुका है। सावन माह में यह अभियान विशेष रूप से चलेगा।
अपनी कार को बार बनाकर और सार्वजनिक स्थानों पर महफिल सजाकर बैठने वालों के खिलाफ पुलिस ने सोमवार से ऑपरेशन कार-ओ-बार अभियान शुरू कर दी है। अभियान के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर नशा न करने के लिए पहले से ही नियम कानून है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोग इसका उल्लंघन करते हैं।
इससे शराब की दुकानों व सार्वजनिक स्थलों से गुजरने वाले नागरिकों, महिलाओं और बेटियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा नशे में वाहन चलाने पर सड़क हादसों का भी खतरा रहता है। इन समस्याओं के निदान के लिए इस ऑपरेशन की शुरुआत की जा रही है।
इसमें कार को बार बनाकर और सार्वजनिक स्थानों पर पकड़े जाने वाले नशेड़ियों के खिलाफ अभियान चलाकर कानून व्यवस्था को और मजबूत व सुद्ढ़ करने का प्रयास किया जाएगा, जो भी नशेबाज अभियान के दौरान पकड़ा जाएगा उसको संबंधित थाने पर ले जाकर उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फोन नंबर पर करें शिकायत
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने जनपद के सभी संभ्रांत नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को भी नशेबाजों अथवा शराब के ठेकों के बाहर होने वाली गतिविधियों से आपत्ति है तो वह पुलिस के नंबर 9454402465 पर फोन करके सूचना दे सकता है, पुलिस शिकायत पर त्वरित करते हुए समस्या का निस्तारण करेगी।
यातायात पुलिस के पास ब्रीथ एनालाइजर
यातायात पुलिस के पास ब्रीथ एनालाजर है। स्पीड रडार भी है। तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले पकड़ लिए जाएंगे। शराब पीकर कोई वाहन चलाता हुआ मिला तो ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। यातायात प्रभारी अरूणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
इन स्थानों पर रहेगी पुलिस की विशेष नजर
-काशीराम आवास पिपरदेउरा से आगे तरकुलवा जाने वाले मोड पर
-हाईवे के किनारे देर तक खड़ी रहने वाली कारों की जांच होगी
-स्टेडियम के आगे व पीजी काॅलेज के खेल मैदान