नौतनवा। तहसील परिसर में बृहस्पतिवार की सुबह परिवारिक विवाद में एक युवक अधिवक्ता कार्यालय में रखे बैनामा के दस्तावेजों को फाड़ने का प्रयास किया। किसी तरह लोगों ने बीच-बचावकर मामले को शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के ग्राम पंचायत भागीरथपुर टोला तेंदुअहवा के रहने वाले तुलसी के चार पुत्र हैं। तुलसी ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपनी 24 डिस्मिल भूमि पुत्र सुरेश, मन्ने और मुन्ना के नाम बैनामा करने आए थे। जबकि कुछ माह पूर्व उन्होंने अपने सबसे छोटे पुत्र मुनरिका को भी उसके हिस्से की भूमि बैनामा कर दिया है।
बृहस्पतिवार को जब अन्य पुत्रों के नाम भूमि बैनामा करने के लिए दस्तावेज बनाया जाने लगा, उसी दौरान तुलसी के सबसे छोटे पुत्र ने मौके पर पहुंचकर हंगामा खड़ा कर पिता और भाइयों से उलझ गया। दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी और धक्का-मुक्की होने लगी।
इसी बीच बैनामा रुकवाने के लिए वह एक अधिवक्ता के कार्यालय में रखे बैनामा के दस्तावेज को भी फाड़ने का प्रयास करने लगा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। करीब आधे घंटे चले इस हाई वोल्टेज ड्रामा को बीच-बचाव कर लोगों ने किसी तरह शांत कराया।