सिसवा बाजार। दिवाली और छठ पर्व से पहले नगर के एटीएम में नकदी का संकट खड़ा हो गया है। बैंकों में भी कैश की कमी के चलते ग्राहकों को भुगतान नहीं हो पा रहा है। स्थिति यह है कि कुछ बैंक स्थानीय व्यापारियों से नकदी जमा कराकर ग्राहकों को भुगतान कर रहे हैं। इससे खाताधारकों में आक्रोश है।
बृहस्पतिवार को सिसवा बाजार स्थित स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई की कृषि शाखा में नकदी की कमी के कारण ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एटीएम से भी रुपये नहीं निकलने के कारण लोग एक बैंक से दूसरे बैंक का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
सेनानी नगर वार्ड निवासी कृष्णनंदन ने बताया कि त्योहार के लिए अपना ही जमा पैसा निकालना मुश्किल हो गया है। नगर के अधिकांश एटीएम में नकदी नहीं है। ऐसे में बच्चों के कपड़े और मिठाई सहित त्योहार की अन्य तैयारियां कैसे होंगी, यह चिंता सता रही है।
वहीं, बेलवां चौधरी निवासी महेश सिंह ने बताया कि वह कई दिनों से एसबीआई का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बैंककर्मी अगले दिन आने की बात कहकर लौटा देते हैं।
इस संबंध में एसबीआई के शाखा प्रबंधक निष्कर्ष कौशल ने बताया कि महराजगंज चेस्ट में नकदी उपलब्ध नहीं होने के कारण जिले के बैंकों में भुगतान की समस्या है। स्थानीय व्यापारियों से रुपये जमा कराकर किसी तरह ग्राहकों को छोटे-मोटे भुगतान किए जा रहे हैं। शुक्रवार तक समस्या दूर होने की उम्मीद है।
वहीं, एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक उदय त्रिपाठी ने नकदी की कमी से इन्कार किया। उन्होंने बताया कि बैंक में कैश की पर्याप्त व्यवस्था है। यहां आरसीएम एटीएम की सुविधा है, जिससे ग्राहक रुपये जमा करने के साथ निकासी भी कर सकते हैं।