महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार टोला बटौरा में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में एक दंपती और उनकी बेटी घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बागापार टोला बटौरा निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि आठ सितंबर की शाम करीब छह बजे छोटे बच्चों के विवाद को लेकर गांव के मोहित, संदीप, राजू और शंकर उसके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मोहित, राजू और शंकर ने उसे पकड़ लिया, जबकि संदीप ने ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया। इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। धर्मेंद्र के मुताबिक शोर सुनकर उसकी पत्नी लक्ष्मीना देवी और बेटी सुनैना मौके पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें भी ईंट से सिर पर हमला कर घायल कर दिया। शोर सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।