महराजगंज। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर में आशा कार्यकर्ताओं ने छह सूत्री मांगों को लेकर धरना दिया। सभी ने एक स्वर में सरकार से न्यूनतम मानदेय और बेहतर सुविधा देने की मांग की।
जिलाध्यक्ष जमीरुन निशा ने कहा की वर्ष 2006 से कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं को आज भी उसी प्रोत्साहन राशि पर काम करना पड़ रहा है जो मौजूदा महंगाई के दौर में नाम मात्र है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग के तहत कर्मचारियों और मजदूरों की मजदूरी में वृद्धि की है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को नगण्य प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
इससे उनके परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम 21,500 रुपये मासिक मानदेय, सपरिवार आयुष्मान कार्ड की तत्काल व्यवस्था करने, 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और बीमा प्रमाणपत्र देने की मांग की। इस दौरान संगीता देवी, ऊषा, शकुंतला, उर्मिला, रजवंती, पूनम, अनिता देवी, मंजू मौजूद रही। संवाद