फरेंदा। नगर पंचायत के गौतम बुद्ध व्यावसायिक भवन के 42 दुकानदारों ने किराया जमा होने के बाद भी आरसी जारी होने का विरोध जताते हुए सोमवार को दुकानें बंद रखी। दुकानदार नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए ज्ञापन अधिशासी अधिकारी अनुज कुमार को सौंपा।
गौतम बुद्ध व्यवसायिक भवन के दुकानदार राजेश मोदी, जयराम शर्मा, मैनुद्दीन, राहुल जायसवाल, गोपाल बागला व राकेश जायसवाल सहित कई दुकानदारों ने ईओ को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि सभी दुकानों का किराया दिसबंर 2024 तक नगर पंचायत कार्यालय में जमा है लेकिन उसके बाद भी आरसी जारी कर दी गई।
कहा कि कुछ दिन पहले दुकानदारों को नोटिस दिया गया था। नोटिस देकर 14 लाख रुपये दुकान की कीमत व छह हजार रुपये किराया वर्ष 2020 से जोड़कर आरसी कटाने के बाद दुकानदारों से 24 लाख देने की बात कही जा रही है। इससे दुकानदार आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। दुकानदारों ने ईओ से आरसी निरस्त कराने व समस्या समाधान की मांग की है।
उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष संजय टिबड़ेवाल ने भी व्यापारियों का समर्थन किया। इस दौरान जयप्रकाश गुप्ता, रिषभ जायसवाल, अखिलेश कुमार, शुभम जायसवाल, अखिल मोदी व निखिल मोदी सहित अनेक दुकानदार मौजूद रहे।