महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल स्टेट बैंक के पास बृहस्पतिवार दोपहर ग्रामीणों ने नकली सोना बेचने आए बोलेरो सवार छह ठगों को पकड़ कर श्यामदेउरवा पुलिस को सौंप दिया।
महराजगंज जिले के धनगड़ी मुंडेरी निवासी धर्मेंद्र वर्मा की सोने चांदी की दुकान अभिषेक ज्वेलर्स के नाम से कप्तानगंज में हैं। धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को मेरे दुकान पर ठग नकली सोने की अंगूठी बेचने आए थे। जिसपर हाॅलमार्क का मोहर लगा था। ठगों ने नकली अंगूठी के बदले पांच हजार रुपये की मांग की। इसके पहले ठगों के गिरोह से मुझे लाखों का नुकसान हो चुका है। बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार का दिन होने के कारण बोलेरो सवार ठग भाग नहीं पाए। सराफा कारोबारी धर्मेंद्र वर्मा ने पीछा करके परतावल स्टेट बैंक के पास ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ लिया और श्यामदेउरवा पुलिस को सौंप दिया। ठगों में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चार व दो बिहार के रहने वाले हैं।
श्यामदेउरवा प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि मामला कुशीनगर जिला का है। इसलिए आरोपियों को कप्तानगंज पुलिस अपने साथ ले गई है।