महराजगंज। शनिवार को सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने जिले के सभी ब्लॉकों के सीएचसी अधीक्षकों के साथ गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग अभियान के प्रगति की समीक्षा की।
सीएमओ ने बताया कि एनसीडी कार्यक्रम के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग की जा रही है। अभियान की शुरुआत 20 फरवरी से की गई है जो 30 मार्च तक चलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जांच की जानी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मुंह का कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, मोटापा, मानसिक स्वास्थ्य और ऊंचाई से संबंधित समस्याओं की पहचान करना है।
सीएमओ ने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई सीएचओ और एएनएम की ओर से एनसीडी कार्यक्रम के तहत हो रहे स्क्रीनिंग में रुचि नहीं ली जा रही है। इससे लक्ष्य प्राप्त करने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ब्लॉक में स्क्रीनिंग कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया तो स्वास्थ्य उपकेंद्रों के एएनएम और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सीएचओ इसके लिए जिम्मेदार होंगे। इस दौरान एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. अखिलेश यादव मौजूद रहे। संवाद