बागापार। सदर ब्लॉक के विभिन्न गांवों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर मंगलवार को पोषण अभियान के अंतर्गत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से अन्नप्राशन दिवस मनाया गया। छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। बच्चों को खीर, हलवा, दलिया खिलाया गया। उनकी माताओं को परवरिश के तरीके भी सिखाए गए।
बाल विकास परियोजना अधिकारी विजय प्रकाश चौधरी ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य परंपरागत रीति-रिवाजों के माध्यम से पोषण अभियान को जोड़ कर समाज को जागरूक करना है। ऊपरी आहार बच्चे के दिमागी विकास के लिए बहुत आवश्यक है। मुख्य सेविका सीमा दुबे ने बताया कि बच्चों को सही पोषण देने के लिए अभियान चलाया गया है। पोषण अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र बागापार, सिसवनिया, केवलापुर खुर्द, सोनरा, विजयपुर, कटहरा, रामपुर बुजुर्ग आदि केंद्रों पर छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों को खीर खिलाते हुए उनके लिए ऊपरी आहार की शुरुआत की गई। इस दौरान शिशु के सभी परिजनों को भी पोषण के प्रति जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र सिसवनिया में कार्यकर्ता लक्ष्मी गौतम की ओर से पारुल, जरीना, आरोही, आयुष, हीरो, अर्पिता, आदित्य बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया। इस मौके पर गीता, नीलम, मधु वर्मा, सीमा, संगीता, होसिला आदि मौजूद रहे। संवाद