निचलौल में कोटेदार के खिलाफ सपा के लोगों ने तहसील में धरना प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल। ब्लाक क्षेत्र की ग्राम सभा कलनहीं खुर्द के लोगों ने शनिवार को ग्राम प्रधान के नेतृत्व में तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान तहसील और पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। गांव वालों का आरोप था कि ग्राम सभा में होने वाले कोटेदार के चयन में तहसील प्रशासन रोड़ा अटका रहा है। बार-बार बैठक की तिथि बदली जा रही है। इससे साजिश की बू आ रही है।
बताया जाता है कि नई ग्राम सभाओं के सृजन के साथ ही नवसृजित ग्राम पंचायतों में कोटेदार का भी चयन होना है। इसके लिए शासन के निर्देश पर ब्लाकों से तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन पूर्व में निर्धारित दो तिथियां निरस्त होने के बाद शनिवार को ग्राम सभा की खुली बैठक में कोटेदार का चयन किया जाना था। लेकिन तीसरी तिथि पर ब्लाक कर्मी मौके पर पहुंच गए लेकिन, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के आधार पर चयन प्रक्रिया निरस्त कर दी गई।
इससे ग्रामीण भड़क गए। ग्राम प्रधान बेईली देवी और बीडीसी सदस्य दिनेश यादव केे नेतृत्व गांव के लोग तहसील कार्यालय पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। तहसील और पुलिस प्रशासन पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन देकर तत्काल कोटा चयन किए जाने की मांग की। इस दौरान ज्ञानती देवी, रंभा देवी, बिट्टू यादव, हौसिला प्रसाद, पूर्व प्रधान सहोदरा देवी, अवधराज, ओमप्रकाश, मदन यादव और रामसकल आदि मौजूद रहे।