महराजगंज। आंगनबाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में बैठक की। यह बैठक आगामी 5 अक्तूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में होने वाले धरने की रणनीति तैयार करने के लिए बुलाई गई थी। इस दौरान एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष छाया भारती ने सरकार पर आंगनबाड़ी कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।
छाया भारती ने बताया कि सरकार ने हाल ही में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्तियों के लिए चार श्रेणियां बनाई हैं लेकिन चौथी श्रेणी में भी आंगनबाड़ी कर्मियों को नहीं रखा गया है। चौथी श्रेणी के कर्मचारियों का मानदेय 20,000 रुपये निर्धारित किया गया है जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करती हैं। सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से 5 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष राजमती, कमलावती, मीरा, रीना देवी, आशा देवी, अनीता, सुनीता, संगीता, सरोज, रेणु, विंध्यवासिनी, किरण व अन्य मौजूद रहे।