वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत
परतावल (महराजगंज )। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बसहिया खुर्द में बृहस्पतिवार रात सड़क पार कर रही महिला वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी परतावल ले जाया गया, हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने यहां से मेडिकल कालेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
बसहियां खुर्द गांव के एक व्यक्ति के घर लड़की की शादी थी। गोरखपुर-महराजगंज मुख्य सड़क के किनारे ही मंडप लगाया गया था। शादी में नाई का काम कर रहे किशुनधारी की पत्नी सुनीता (55) पूजा की थाली लेकर सड़क पार कर रही थीं। उसी दौरान एक वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। परतावल सीएचसी से बीआरडी मेडिकल कालेज, गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही सुनीता की मौत हो गई। परिजनों ने शुक्रवार सुबह दाह संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर आनंद गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।