सदर कोतवाली के राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर रविवार की देर रात हुई घटना
चौपरिया निवासी प्रभावती के रूप में हुई मृतका की पहचान
महराजगंज। रविवार की देर रात प्रभावती (76) की राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर चौपरिया के करीब अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने औपचारिकता पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वृद्धा के पति अशर्फी के मुताबिक रात में किसी कार्य से प्रभावती घर से निकली थी लेकिन घर नहीं लौटी। इसके बाद रात में ही उसके दुर्घटना में मृत्यु होने की सूचना मिली। प्रभावती की चार लड़कियां हैं, सभी की शादी हो चुकी है। घर पर दोनों वृद्ध दंपती ही रहते थे। कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी अजय कुमार वर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वृद्धा की मौत हुई है। वाहन की तलाश की जा रही है, जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।