परतावल। परतावल चौराहे पर सोमवार को बच्चों को बस में चढ़ाने के दौरान फल विक्रेता और बस कंडक्टर के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों के बीच हाथापाई हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई। यहां दोनों ने एक-दूसरे पर रुपये छीनने का आरोप लगाया।
फल विक्रेता के अनुसार, वह परतावल चौराहे पर ठेले पर फल बेच रहा था। इसी दौरान महराजगंज से गोरखपुर जा रही बस में एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ चढ़ रही थी। बस आगे बढ़ने लगी तो फल विक्रेता ने चालक का ध्यान आकर्षित करने के लिए बस पर दो बार हाथ मारा, ताकि बस रुककर धीरे-धीरे आगे बढ़े और बच्चे आसानी से चढ़ सकें। इसी बात को लेकर बस कंडक्टर और फल विक्रेता के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
मामला पुलिस चौकी पहुंचने पर बस कंडक्टर ने फल विक्रेता पर किराए के रुपये छीनने का आरोप लगाया, जबकि फल विक्रेता ने कंडक्टर पर फल बिक्री के रुपये छीनने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इस बाबत चौकी प्रभारी अनीश सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।