निचलौल। छठ पर्व की खुशियां एक परिवार के लिए पलभर में मातम में बदल गईं। बृहस्पतिवार शाम बुआ के घर आए दो वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर के कल्टीवेटर पर गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे लेकर सीएचसी निचलौल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सिसवा बाजार के मस्जिद टोला निवासी मंशा देवी अपने दो वर्षीय बेटे हिमांशु के साथ छठ पर्व पर निचलौल थाना क्षेत्र के कटका गांव में अपनी ननद के घर आई थीं। शाम करीब पांच बजे हिमांशु दरवाजे पर खड़े ट्रैक्टर के पास खेल रहा था। उसके बाद ट्रैक्टर पर बैठ गया। अचानक पैर फिसलने से वह नीचे लगे कल्टीवेटर पर जा गिरा। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
परिजन आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मासूम के पिता जितेंद्र जयपुर में रहते हैं। परिवार में हिमांशु से छह वर्ष बड़ा भाई आदर्श है। घटना की सूचना पिता को दे दी गई है। अस्पताल पहुंची मां और बुआ का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्हें रिश्तेदार और परिचित ढाढ़स बंधाते रहे।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस सीएचसी पहुंची थी। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
जिद के कारण बैठाया गया था ट्रैक्टर परमासूम की मौत के बाद अस्पताल पहुंची मां मंशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार बेटे को याद कर दहाड़ मारकर रो रही थीं। मां ने बताया कि हिमांशु जिद करके ट्रैक्टर पर चढ़ गया था। कुछ देर तक वह ट्रैक्टर पर खेलता रहा। इसके बाद वह छत पर कपड़े उतारने चली गईं। रिश्तेदारी में आई महिलाओं से बातचीत करने लगीं। इसी बीच नीचे से बच्चे के चीखने की आवाज सुनाई दी। वह भागकर नीचे पहुंची तो बेटे के सिर से खून बह रहा था। मंशा देवी ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा आदर्श दादा-दादी के पास है।