प्रत्येक तहसील में सबसे कम राजस्व वसूली करने वाले दो अमीनों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिया जाए। पांच अमीनों को चेतावनी जारी करने का डीएम ने तहसीलदारों को निर्देश दिया है। सोमवार को बुद्धा सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा में डीएम ने कहा कि मुख्य एवं विविध देयों की वसूली मानक के अनुसार सुनिश्चित करें।
डीएम सुनील कुमार श्रीवास्तव ने गांवों में जाने पर जोर दिया। कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा, सत्यापन और लोगों की शिकायतें दूर करें। 122 बी के मामले में बेदखली, जुर्माना तथा एफआईआर तीनों कार्रवाई सुनिश्चित करें। सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और अतिक्रमण हटवाने पर जोर दिया। कहा कि थाना दिवस में भूमि विवाद, कब्जे के मामलों पर गंभीर कार्रवाई की जाए।
सहायक महानिरीक्षक, स्टांप मनोजन शुक्ला ने बताया कि जिले में समाधान योजना के अंतर्गत कुल 365 मामले है। जिसमें 5.85 करोड़ रुपये का स्टांप राशि मिलनी है। समाधान योजना लागू होने जाने के बाद से मात्र 10 रुपये अर्थदंड लगाकर 29 मामले निस्तारित करके 36 लाख रुपये वसूले गए। तहसीलदार सदर नन्दलाल सिंह ने बताया कि आम आदमी दुर्घटना बीमा योजना के मामलों में 500 विद्यार्थियों को सुविधा प्रदान की गयी है।
तीनों तहसीलों में भी 150 बीमित लोगों के बच्चों को इसका लाभ दिया गया। संचालन एडीएम कृपाशंकर पांडे ने किया। सभी एसडीएम, तहसीलदार आदि रहे।