एंबुलेंस सेवा ठप, टेंपो और बाइक से पहुंचे मरीज
- दो दिनों से आंदोलन पर हैं एंबुलेंसकर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दो दिन से एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर हैं। जिससे मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। मंगलवार को एंबुलेंस नहीं मिलने से कुछ मरीज टेंपो और बाइक से जिला अस्पताल पहुंचे। उधर एंबुलेंसकर्मी सेवा प्रदाता एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी कर गुस्से का इजहार किए।
मंगलवार को एंबुलेंस कर्मी जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज में एंबुलेंस को खड़ा कर विरोध प्रदर्शन पर डटे रहे। सभी कर्मियों ने एक स्वर में कहा कि मांग पूरी नहीं होंगी तो आंदोलन तेज किया जाएगा। एंबुलेंस कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने कहा कि सबसे कम वेतन में 24 घंटे सेवा देनी पड़ती है। लेकिन सेवा प्रदाता एजेंसी के जिम्मेदार कर्मियों के हित का ख्याल नहीं रख रहे हैं। हर वक्त काम का दबाव भी बनाया जा रहा है। कोरोना काल में सभी कर्मियों ने दिनरात कड़ी मेहनत की। लेकिन इसके बाद भी एंबुलेंस कर्मियों के हित का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। जब मांगों को पूरा करने के लिए लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान संजय चौधरी, लक्ष्मी भारती, राहुल यादव, राजनाथ यादव, गणेश वर्मा, कृष्णमुरारी, राम प्रकाश, सुभाष, जितेंद्र, मनोज कुमार, मनोज कुमार, सच्चिदानंद यादव, राघवेंद्र, राम प्रकाश आदि मौजूद रहे।
यह हैं प्रमुख मांगें
ठेका प्रथा बंद हो, सभी कर्मियों को एनआरएचएम में शामिल किया जाय, समान काम समान वेतन लागू हो, कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित हो, टेंडर प्रक्रिया में बदलाव हो।
तीमारदार बोले बढ़ रही परेशानी
जिला अस्पताल आने वाले चेहरी के सत्यम ने बताया कि एंबुलेंस नहीं मिलने पर टेंपो से मरीज लेकर आना पड़ा। जिससे परेशानी हुई। वहीं हरखी गांव में रामप्यारे ने बताया कि अगर कुछ दिन और हड़ताल जारी रही तो समस्या बढ़ जाएगी। मरीजों को अस्पताल में परेशानी हो रही है।