पैमाइश की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के सुमेरगढ़ गांव में ग्राम पंचायत की बंजर व खलिहान भूमि की पैमाइश करने के लिए शनिवार को जब राजस्व टीम नहीं पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार की शाम में प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बंजर व खलिहान की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण करा लिया है।
शिकायतकर्ता सुरेंद्र जायसवाल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की थी। शिकायत के बाद तहसीलदार सदर ने राजस्व निरीक्षक विजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में लेखपाल अंकित कुमार, सुशील शुक्ला, मदन गोपाल, निखिल प्रताप सिंह, संजीत सिंह, रुद्रप्रताप, वीरेंद्रनाथ गुप्ता, रंजन श्रीवास्तव की टीम गठित की थी।
राजस्व टीम को 10 अक्तूबर को पैमाइश के लिए निर्देश दिया गया था। निर्धारित तिथि पर पैमाइश होने की उम्मीद में ग्रामीणों ने गांव में टेंट लगवाने के साथ ही कुर्सी, मेज, पेयजल और जलपान की व्यवस्था की थी। ग्रामीण दिनभर राजस्व टीम के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे नाराज ग्रामीण शाम को पानी की टंकी के पास एकत्र हुए और प्रदर्शन कर नारेबाजी की।