सोनौली। सीमा से सटे नेपाल के बेलहिया क्षेत्र में भारतीय पर्यटक वाहनों को रोकने और उनका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नेपाल के टूर एंड ट्रैवल्स से जुड़े चालकों ने भारतीय टैक्सी परमिट वाले वाहनों को रोककर वीडियो बनाया और कुछ वाहनों को वापस कर दिया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ समय से नेपाल जाने वाले भारतीय पर्यटकों और वाहन संचालकों को परेशान किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। पर्यटन कारोबारी सत्यम और दीपक गुप्ता का कहना है कि नेपाल में नए नियमों के सख्ती से पालन और बढ़ती औपचारिकताओं के कारण भारतीय पर्यटकों की संख्या पहले की अपेक्षा कम हुई है। ऐसे में पर्यटक वाहनों को रोकने जैसी घटनाओं से पर्यटन कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।