परसामलिक। नौतनवा के भगवानपुर, लुठहवा, परसासुमाली, जारा, मंगलपुर आदि गांव के लोगों ने बीएलओ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मतदाता सूची से गांव के कई लोगों का नाम कटने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि गांव के कुछ वास्तविक मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है।
इतना ही नहीं जिन लोगों का नाम मतदाता सूची से कटना चाहिए था उन लोगों के नाम आज भी मतदाता सूची में बरकरार है। लोगों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर गांव में पुनः मतदाता सूची की समीक्षा करते हुए वास्तविक मतदाताओं का नाम सूची से जोड़ने की मांग की। ग्राम पंचायत भगवानपुर निवासी गिरिजा शंकर पाण्डेय, माधव तिवारी, अजय कुमार, रोहित मौर्य, मोहम्मद अजमल, काजू अली, सर्वेश पाण्डेय, शाहरूख ने शिकायत की। उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है ऐसे में सम्बंधित को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
बाल श्रम और बाल तस्करी रोकने के लिए कार्यशाला
सोनौली। शैशव कार्यक्रम के तहत बाल विवाह, बाल श्रम और बाल तस्करी रोकथाम के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन स्थानीय कस्बे में हुआ। सशस्त्र सीमा बल 66वीं बटालियन के कमांडेंट जगदीश धाबाई ने बाल विवाह, बाल श्रम और बाल तस्करी रोकने के मुद्दे पर चर्चा की। कार्यशाला में किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य राजेश वर्मा, बाल कल्याण समिति के सदस्य मनीष कुमार, सशस्त्र सीमा बल 22वीं बटालियन के उप निरीक्षक जय कृष्ण ने बाल विवाह मुक्त भारत और बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश के साथ ही साथ बाल तस्करी रोकने में अपने अनुभव, चुनौती और सुझाव दिए।