परतावल। नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या-11 स्वतंत्रता सेनानी नगर में प्रस्तावित सीसी सड़क निर्माण से पहले ही गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बुधवार को नगरवासियों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर सड़क के लिए डाली गई सामग्री को घटिया बताते हुए विरोध प्रदर्शन कर कार्य रुकवा दिया। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता ध्रुव नारायण सिंह ने प्रथम दृष्टया सामग्री मानक के अनुरूप न मिलने पर उसे तत्काल हटवाने के निर्देश दिए।
नगर के राजेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि यदि शुरुआत में ही घटिया सामग्री का इस्तेमाल होगा तो सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो जाएगी और सरकारी धन की बर्बादी होगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार के कर्मचारियों ने चार इंच ढलाई की बात कही है जबकि मौके पर पहुंचे अवर अभियंता ने बताया कि सड़क का निर्माण छह इंच मोटाई के मानक के अनुसार कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के लिए सेम ईंट के टुकड़े और राबिस का उपयोग किया जा रहा है, जबकि जीएसबी भी निर्धारित मात्रा में नहीं डाली जा रही थी। विरोध की सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता ध्रुव नारायण सिंह ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सामग्री की जांच की। जांच में गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार के कर्मचारी जितेंद्र सिंह को तत्काल पूरी सामग्री हटाकर मानक के अनुरूप नई सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जेई के निर्देश पर मौके से घटिया सामग्री हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। नगरवासियों ने मांग की कि निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण की तकनीकी अधिकारियों से नियमित निगरानी कराई जाए।