जमानत का वेरीफिकेशन करने के नाम पर लिए जा रहे रिश्वत का अधिवक्ता ने किया विरोध।संवाद
नौतनवा। तहसील में उपजिलाधिकारी नौतनवां कार्यालय में मालबाबू पर रकम मांगने का आरोप लगाकर अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ला ने विरोध किया। जमानत सत्यापन में रकम लेने के मामले को लेकर मालबाबू से कहासुनी हो गई। अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ल ने उपजिलाधिकारी नौतनवा कार्यालय के सामने कुछ देर बैठकर विरोध जताया।
अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ला ने बताया कि गोरखपुर से नौतनवा तक ट्रेन चलने को लेकर हस्ताक्षर अभियान कराने के लिए तहसील पहुंचा। इस बीच राजाबारी गांव में एक व्यक्ति के जमानत सत्यापन में मालबाबू से कहासुनी हो गई। इसके बाद उप जिला अधिकारी के कार्यालय के सामने बैठकर विरोध प्रकट किए। मालबाबू प्रशांत पांडेय ने बताया कि रकम लेने का आरोप निराधार है। उप जिलाधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि जमानत सत्यापन का मामला था, लेकिन रकम लेने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अधिवक्ता मनोज मिश्रा, रवि कुमार मिश्रा, महामंत्री वीरेंद्र पांडेय, बुद्धेश प्रसाद आदि मौजूद रहे। संवाद