महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भवानीपुर, टोला पोखरहवा में चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट में पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गांव निवासी सुरेंद्र ने गांव के ही राममिलन पर चुनावी रंजिश को लेकर मारने-पीटने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। सुरेंद्र का आरोप है कि चुनावी रंजिश में राममिलन गांव में घूम-घूम कर उसके बारे में उल्टी-सीधी बातें कर रहा है। इस बारे में जब वह शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे राममिलन से पूछताछ करने गया तो उसने मां-बहन की भद्दी गालियां देते हुए लात-मुक्के से बुरी तरह मारा-पीटा। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में राममिलन के खिलाफ मार-पीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।