नेपाल के प्रमुख शहरों में जाने वाले यात्रियों को सीमा में प्रवेश करते ही घेर लेते हैं दलाल
बुकिंग दलाल यात्रियों को जबरन टिकट पकड़ाकर करने लगते हैं वसूली
सोनौली। नेपाल सीमा में दलालों के आतंक से पर्यटक परेशान हो गए हैं। सोनौली से सटे नेपाल के बेलहिया में काठमांडू, पोखरा और नारायण घाट जाने वाले यात्री जैसे ही सोनौली से होकर नेपाल में प्रवेश करते हैं। बुकिंग दलाल यात्रियों को जबरन टिकट पकड़ाकर वसूली करने लगते हैं।
ये दलाल सोनौली पुलिस चौकी से लेकर नेपाल के भन्सार गेट तक खड़े रहते हैं। यात्री जैसे ही बस पार्किंग के पास पहुंचता है, उसे जबरन टिकट पकड़ा देते हैं। इसकी शिकायत कुछ यात्रियों ने नेपाल पुलिस से की है। शुक्रवार की दोपहर सोनौली बॉर्डर पर अव्यवस्था और दलाली का खेल देखने को मिला। काठमांडू, पोखरा और अन्य प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को सीमा पार करते ही दलालों ने घेर लिया। सजन थापा, दिलीप कुमार, रमेश, विवेक इत्यादि यात्रियों का आरोप है कि उन्हें जबरन पकड़कर बसों में बैठाया गया और उनकी मर्जी के बिना टिकट थमा दिया गया। विरोध करने पर दलाल धक्का-मुक्की, बदसलूकी की गई।
सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को झेलनी पड़ रही है, जो पहली बार इस रास्ते से सफर कर रहे हैं। अनजान होने का फायदा उठाकर दलाल उन्हें भ्रमित करते हैं और मनमाना किराया वसूलते हैं। कई मामलों में यात्रियों को तय गंतव्य से अलग बसों में बैठा देने की शिकायतें भी मिली हैं। शिकायत के बावजूद स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है, इससे दलालों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
इस संबंध में कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला नेपाल सीमा के भीतर का है। भारतीय सीमा में इस तरह की हरकत करते हुए पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।