अधिवक्ताओं ने की अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की घोषणा
पीठासीन अधिकारी की कार्यप्रणाली से नाराज होकर मंगलवार को न्यायालय परिसर में धरने पर बैठे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन फरेंदा के अधिवक्ता पीठासीन अधिकारी की कार्यप्रणाली से नाराज होकर मंगलवार को न्यायालय परिसर में धरने पर बैठ गए। अधिवक्ताओं ने समस्या का समाधान होने तक न्यायिक कार्य के बहिष्कार का निर्णय लिया है।
सिविल बार के अध्यक्ष प्रेम कुमार सिंह, मंत्री सुरेंद्र नाथ पांडेय, पूर्व अध्यक्ष अरविंद मिश्र, सुधेश मोहन श्रीवास्तव, स्कंद श्रीवास्तव , डीएन चतुर्वेदी व शैलेंद्र श्रीवास्तव सहित अनेक अधिवक्ताओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए कहा कि पीठासीन अधिकारी की कार्यप्रणाली को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। पीठासीन अधिकारी के साथ न्यायिक कार्य कर पाना संभव नहीं है।
अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से न्यायिक अधिकारी न्यायालय का बहिष्कार करते हुए समस्या के समाधान होने तक अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। इस दौरान कई अधिवक्ता मौजूद रहे। संवाद