नौतनवा। अधिकारियों की कार्यप्रणाली के विरोध में नौतनवा तहसील के समस्त अधिवक्ता सोमवार को भी न्यायिक कार्य से विरत रहे। कोर्ट न चलने के कारण समस्त वादों में सुनवाई के लिए अग्रिम तिथि निर्धारित की गई। वहीं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित पत्र एसडीएम को सौंपकर फीडिंग की स्थिति में एक सप्ताह के अंदर सुधार न होने पर कार्यालय में ताला जड़ने की चेतावनी दी।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विभूति प्रसाद यादव एवं सचिव शमसुद्दीन खान ने कहा कि तहसील में कागजात दुरुस्ती एवं हस्तांतरण रिपोर्ट समेत विभिन्न कार्य पहले से सुस्त चल रहे हैं। फीडिंग की प्रक्रिया भी प्रभावित है। एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं चकबंदी न्यायालय से आदेश के महीनों बीतने के बाद भी खतौनी में फीडिंग नहीं की जा रही है।
इस कारण अधिवक्ता और वादकारी दोनों को तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि एक सप्ताह में फीडिंग कार्य में संतोषजनक सुधार नहीं आया तो संबंधित कार्यालय में ताला लगाकर अधिवक्ता संघ आक्रोश दर्ज कराएगा।