महराजगंज। आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया प्रभावी है। पांच जून तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। बच्चों में प्रवेश के लिए जागरूक करने के लिए आईटीआई चलो अभियान नोडल प्राचार्य की तरफ से चलाया जा रहा, जिसमें आईटीआई शिक्षक क्षेत्र में संपर्क कर जागरूक करने में जुट गए हैं।
अभियान के कारण चारो आईटीआई में करीब 800 से अधिक प्रवेश हो चुके हैं। स्वरोजगार के लिए तकनीकी शिक्षा हासिल करने को आईटीआई एक बेहतरीन माध्यम माना जाता है। जिले में आईटीआई के चार राजकीय संस्थानों में इलेक्ट्रानिक, सिविल, मैकेनिकल सहित कई ट्रेड संचालित हैं।
निजी संस्थानों में भी कई ट्रेड संचालित होते हैं। संस्थानों में प्रवेश की आवेदन प्रक्रिया शुरू है। अधिक से अधिक युवाओं को आवेदन के लिए प्रेरित करने के लिए आईटीआई चलो अभियान को धार दी जा रही है। आईटीआई संस्थानों से जुड़े शिक्षक व कर्मचारी गांव-गांव, इंटरनेट कैफे, जनसुविधा केंद्र पर युवाओं को अधिक से अधिक आवेदन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।