स्थानीय लोगों की शिकायत पर प्रशासन ने की कार्रवाई, रुकवाया काम
चीनी मिल परिसर में जेसीबी से जमीन को किया जा रहा था बराबर
खुशहालनगर। वर्षों से मुकदमेबाजी में घिरी घुघली चीनी मिल की जमीन को जेसीबी से बराबर करवाने की सूचना पर बृहस्पतिवार को प्रशासन ने छापा मार दिया। प्रशासन के पहुंचते ही मौके पर हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने जेसीबी से हो रहे कार्य को तत्काल रुकवा दिया। साथ ही मुकदमे का फैसला आने तक कोई नया कार्य करने पर रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार, घुघली में बंद पड़ी चीनी मिल को बेचने की कवायद की जा रही थी। इसी दौरान मामला कोर्ट में चला गया और तब से विचाराधीन है। आरोप है कि चीनी मिल खरीदने का इच्छुक मुकदमे के वादी ने परिसर में एक मैनेजर रखकर मिल की परिसम्पत्तियों धीरे-धीरे यह कहकर बेचना शुरू किया कि वह यहां एथेनॉल की फैक्ट्री लगाएगा। पहले तो स्थानीय लोग नहीं समझ सके। बाद में परिसर में लोगों ने मामले की शिकायत प्रशासन से करनी शुरू की।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शिकायत कर बताया कि चीनी मिल परिसर से कीमती सामान को हटाया जा रहा है। लोगों ने मामले की कई बार शिकायत की। लोगों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को उप जिला अधिकारी सदर अवनीश त्रिपाठी, नायब तहसीलदार विवेक कुमार श्रीवास्तव, थाना प्रभारी सूरज कुमार, चौकी प्रभारी घुघली की टीम ने परिसर में छापा मारा। इस दौरान टीम ने परिसर में चल रही जेसीबी को तत्काल रुकवाया और भू-स्वामित्व एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद ही कोई भी कार्य करने को कहा।
स्थानीय निवासी धनंजय कुमार, मानसिंह, अर्जुन पटेल, पलटू मिश्रा ने बताया कि घुघली चीनी मिल से यहां के लोगों का लगाव है। मिल बंद होने के बाद यहां जारी अवैध कार्यों से स्थानीय लोग असंतुष्ट हैं। स्थानीय लोगों ने ही जिला अधिकारी और उप जिला अधिकारी से शिकायत करके आरोप लगाया था कि चीनी मिल परिसर से करोड़ों रुपये मूल्य का पुराना लोहा, मशीनरी वह अन्य सामान हटाया जा रहा है। इससे पहले परिसर में खड़े वर्षों पुराने कीमती पेड़ों को काटकर बेच दिया गया। शिकायत के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।