19 थानों में अतिरिक्त महिला शौचालय का होगा निर्माण
जिला पंचायत बोर्ड की बैठक : बहुउद्देशीय वाहन खरीद को मिली मंजूूरी, उठा सड़क, बिजली-पानी का मुद्दा
महराजगंज। जिला पंचायत की ओर से जिले के सभी 19 थानों में अतिरिक्त महिला शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, हर ब्लॉकों में बहुउद्देशीय वाहनों की खरीद होगी। हर घर तिरंगा कार्यक्रम में खरीदे गए झंडों के लिए एक लाख रुपये की धनराशि भी अवमुक्त होगी।
यह निर्णय बुधवार को जिला पंचायत बोर्ड की बैठक के दौरान सदन द्वारा लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को बढ़ावा दिए जाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। बैठक में सदस्यों ने सड़क, बिजली, पानी समेत अन्य समस्याओं को दूर कराए जाने संबंधी मामले को उठाते हुए उसके निदान की मांग की।
सदस्य सुरेश चंद साहनी ने गड़ौरा चीनी मिल में किसानों के बकाया मूल्य भुगतान, दीपक पांडेय ने कोल्हुई समेत क्षेत्र में बनी पानी टंकी की बदहाली, अनूप पांडेय ने आंगनबाड़ी केंद्र को सही कराने, राजाराम भारती ने जिला पंचायत से लगाए गए लाइटों को सही कराने, जग्गू प्रसाद ने कोतवाली से नटवां जाने वाली सड़क में गड्ढे होने का मामला उठाया, जिस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने निदान को लेकर प्रयास किए जाने के लिए आश्वस्त किया। अपर मुख्य अधिकारी रमेश सिंह ने भी सदन में उपस्थित लोगों के प्रति आभार ज्ञापित किया।
--------
सीडीओ ने किया प्रेरित तो मुखर होकर बोलीं महिला सदस्य
पिछली बार की बैठक कम महिला सदस्यों की वजह से स्थगित हुई थी। इस बार की बैठक में महिला सदस्य की संख्या अच्छी देख मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने उन्हें भी बोलने के लिए प्रेरित किया। जिस पर महिला सदस्य बिंद्रा ने पथप्रकाश की समस्या, अनुपमा ने सड़क व पेयजल संबंधी समस्या, सदस्य पुनीता भारती ने परागपुर से डिगही मार्ग, हरगांवा आदि मेें खराब सड़कों का मामला उठाया। दो अन्य महिला सदस्यों ने रोजगार आदि के मुद्दे की बात उठाई। एक महिला सदस्य ने यहां तक कह दिया कि यदि सदन में रखी उनकी बात नहीं सुनी जाएगी तो वे जनता को क्या मुंह दिखाएंगे। सीडीओ ने कहा कि महिला सदस्य अपनी बात स्वयं रखें। प्रतिनिधि के तौर पर बात रखने पर उसे कार्रवाई का हिस्सा नहीं बनाया जाएगा।
-------
विधायकों ने भी रखे अपने विचार
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि पेयजल संबंधी समस्या अत्यंत गंभीर है। सदस्यों के सुझाव पर अमल करते हुए सभी ब्लॉकों के बीडीओ, सचिव व प्रधान को सुधार संबंधी निर्देश दिए जाएं। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि जिला पूर्ति अधिकारी ग्रामों में यूनिट के हिसाब से राशन वितरण कराना सुनिश्चित करें। फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि चकबंदी की प्रक्रिया को अविलंब पूरा कराया जाए। नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने खराब सड़कों की दशा को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
---------
इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के चीफ फार्मासिस्ट व लंबे समय से सीएमओ कार्यालय में तैनात सत्येंद्र सिंह का स्थानांतरण अस्पताल पर किए जाने, कोल्हुई में 25 वर्ष से अधूरी चल रही चकबंदी को पूरा कराने, वर्ष 2014 से 2017 तक बने शौचालयों की जांच कराने व कमी पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने पर भी चर्चा की गई।