महराजगंज। किसानों और आमजन की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जनहित किसान पार्टी के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर में दूसरे दिन भी धरने पर रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर दास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर जिले की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर दास ने बताया कि गड़ौरा चीनी मिल पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का तत्काल भुगतान कराने और बंद पड़ी घुघली चीनी मिल को दोबारा संचालित कराने अथवा उसी स्थान पर आधुनिक चीनी मिल स्थापित करने की मांग उठाई गई। उन्होंने ने कहा कि भुगतान लंबित होने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं जबकि घुघली मिल बंद होने से किसानों को दूर की मिलों पर गन्ना ले जाना पड़ता है।
जिले में औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों का विस्तार करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क, प्रकाश, पार्किंग और यातायात सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। साथ ही सिंचाई नहरों की सफाई, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तटबंधों की मरम्मत और खराब ग्रामीण संपर्क मार्गों को दुरुस्त कराने की भी मांग रखी गई।
धरने में नवल कुमार, सुमित चौरसिया, विंद्रेश चौरसिया, सुमन नागवंशी, धर्मराज वर्मा, प्रदुम वर्मा बब्लू, अरुण वर्मा, महेश वर्मा, धर्मेंद्र गौतम, जमात अली समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।