महराजगंज। गेहूं और धान के अवैध भंडारण के विरुद्ध तहसील नौतनवा में दो प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन कुमार ने अवगत कराया कि रविवार को तहसील नौतनवा के ग्राम बनरसिया कला में निवासी बसंत कुमार के वहां गेहूं/चावल के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। मंडी सचिव और विपणन निरीक्षक की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई। जांच में निर्धारित स्टॉक से अधिक भंडारण मिलने पर 1,95,107 रुपये का दंडात्मक शुल्क आरोपित करते हुए राजस्व खाते में जमा कराया गया। इस प्रकार मंगलवार को ग्राम समरधीरा स्थित जयसवाल किराना स्टोर्स, समरधीरा में भी उक्त टीम जांच की गई और नियम विरुद्ध तरीके से निर्धारित स्टॉक से अधिक के गेहूं/धान का भंडारण पाए जाने पर प्रतिष्ठान पर 2,74,721 रुपये का दंडात्मक शुल्क अधिरोपित करते हुए राजकोष में जमा कराया गया। संवाद