विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई ः डीएम
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। डीएम अमरनाथ उपाध्याय शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। विभिन्न विकास कार्यों के बारे में पूछे जाने पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर नाराजगी जाहिर की। डीएम ने शौचालय निर्माण, सफाई, एन्टी लावा छिडकाव आदि पर निर्देश दिए कि इन्हें सजगता से करें। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि जिले में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में दो जनवरी से राष्ट्रीय वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम जिले में शौचालय, साफ सफाई दवा छिडकाव की जांच करेंगी। उन्होंने कहा कि यह कमेटी 11 बिंदुओ पर जांच करेगी। उन्होंने स्वच्छता के कार्यो की समीक्षा की बैठक में बीडीओ एडीओ पंचायत द्वारा किए गए कार्यो के प्रति सवाल पूछने पर सही जबाब नहीं मिला। जिसपर उन्होने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधूरे कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दो जनवरी से पहले सभी नोडल अधिकारी, बीडीओ, एडीओ पंचायत गांव में चौपाल लगाकर साफ सफाई, शौचालय निर्माण, फागिंग, एन्टी लावा छिडकाव, हैंडपंप व सार्वजनिक स्थल पर साफ सफाई बेहतर करावें। उन्होंने शौचालय निर्माण के बारे में जानकारी ली तो बताया गया कि 2019 तक कुल 3,61,110 शौचालय निर्माण किया जाना था। जिसके सापेक्ष अभी तक 3,04,602 शौचालय का निर्माण हो चूका है। इसमें 56508 शौचालय का निर्माण 31 जनवरी तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी। इस मौके पर सीडीओ रामसिंहासन प्रेम, सीएमओ डॉ. क्षमा शंकर पांडेय, पीडी राजकरन पाल, डीडीओ जगदीश त्रिपाठी तथा सभी एडीओ पंचायत आदि मौजूद रहे।