कॅरिअर की जिज्ञासाओं का समाधान जान बढ़ा उत्साह
राजकीय माध्यमिक स्कूल गौहरपुर में कॅरिअर मेला आयोजित
महराजगंज। राजकीय माध्यमिक स्कूल गौहरपुर, लक्ष्मीपुर में सोमवार को कॅरिअर मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. मधुबाला ने कहा कि कॅरिअर को जानने के बाद लक्ष्य की तरफ बढ़ना आसान हो जाता है। कॅरिअर के बारे में जानकारी देने का यह प्रयास सराहनीय है। मेले में विद्यार्थियों की जिज्ञासा का निदान किया गया।
राजकीय माध्यमिक स्कूलों में विद्यार्थियों के कॅरिअर को सही दिशा देने के लिए कॅरिअर मेलों का आयोजन कराया जा रहा है। राजकीय माध्यमिक गौहरपुर में आयोजित कॅरिअर मेले का शुभारंभ प्रधान जीतेंद्र चौधरी ने किया। विशिष्ट अतिथि इंस्पेक्टर पुरंदरपुर मनोज राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि माध्यमिक शिक्षा स्तर से ही विद्यार्थी अपने कॅरिअर का चयन कर लें तो वह रुचिकर विषयों की पढ़ाई करते हुए कॅरिअर की तरफ अग्रसर हो सकेंगे। बैंक आफ बड़ौदा के श्याम कुमार व रविश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का जवाब दिया। प्रधानाचार्य अर्चना त्रिपाठी ने सभी आगंतुकों को बुके देकर स्वागत किया। शिक्षक कादिर खान ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रज्ञा मिश्रा, दीपशिखा, महिला एसआई नेहा भारती, जीतेंद्र यादव, आदित्य व अन्य मौजूद रहे।