महराजगंज। एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर दो भाइयों के खिलाफ फर्जी तरीके से सहज जनसेवा केंद्र की आईडी जनरेट करवाने और उसका दुरुपयोग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
निचलौल क्षेत्र की जुवेदा खातून ने अपने पूर्व किराएदारों विजय कुमार और अजय अग्रहरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। जुवेदा खातून ने बताया कि वर्ष 2018 में विजय कुमार मुख्य मार्ग पर स्थित मकान किराए पर लिया था। 17 दिसंबर 2018 को लिखित किरायानामा भी हुआ था।
विजय कुमार और उसका भाई अजय अग्रहरी वहां रमा प्रशिक्षण संस्थान चलाने लगे। वर्ष 2023 तक किराया देते रहे, इसके बाद मकान खाली कर चले गए। बाद में जुवेदा को पता चला कि दोनों भाइयों ने छल-कपट से उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सहज जन सेवा केंद्र की आईडी बना ली थी और उस केंद्र से काम भी कर रहे थे।
जब जुवेदा ने विजय और अजय से इस बारे में सवाल किया तो दोनों धमकाने लगे और विवाद करने पर उतारू हो गए। महिला ने थाना निचलौल में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत पत्र भेजा लेकिन वहां से भी कोई जवाब नहीं आया।
अपने प्रार्थना पत्र में जुवेदा खातून ने कहा है कि आरोपी दोनों भाई दबंग और मनबढ़ प्रवृत्ति के हैं।