निचलौल। नगर पंचायत के चेयरमैन शिवनाथ मद्धेशिया के लखनऊ स्थित एक हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद फेसबुक पर की गई एक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पुलिस ने आरोपी रूपेश दुबे का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चेयरमैन शिवनाथ मद्धेशिया अस्वस्थ चल रहे हैं और छह अगस्त को लखनऊ के एक हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन हुआ है। इसकी जानकारी मिलने के बाद शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए पोस्ट किए। इसी दौरान रूपेश दुबे उर्फ मोनू की फेसबुक आईडी से बीमारी और ऑपरेशन से संबंधित आपत्तिजनक गीत व पोस्ट प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय ने बताया कि शिकायत मिलने पर युवक से पोस्ट डिलीट करवा दिया गया है।
अनिल मद्धेशिया का कहना है कि इस तरह की सामग्री से उन्हें और परिवार के सदस्यों को मानसिक एवं भावनात्मक आघात पहुंचा है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रूपेश दुबे पूर्व में भी फेसबुक के माध्यम से उनके पिता और परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं। वहीं, रूपेश दुबे ने लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है।