धनघटा। क्षेत्र के बकैनिया पकड़ी गांव निवासी 24 वर्षीय विवाहिता को उसके ससुराल के लोगों ने एक लाख रुपये दहेज न मिलने के कारण मौत के घाट उतार दिया। मृतका की मां ने इस मामले में उसके ससुर, पति समेत पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार चंद्रपति निवासी दुलमपुर ने अपनी बेटी अर्चना की शादी 23 जून 2025 को बकैनिया पकड़ी गांव निवासी बलवंत पुत्र भोला से की। शादी के कुछ ही दिनों बाद उसकी ससुराल के लोग दहेज के रूप में एक लाख रुपये की मांग करने लगे। रुपये न देने पर बेटी को प्रताड़ित करने लगे, जिससे तंग आकर अर्चना ने मायके के लोगों को बताया तो लोग वहां पहुंचे और पंचायत हुई। पंचायत में तय हुआ कि आप सभी लोग मिलजुल कर रहेंगे। रुपये की मांग नहीं करेंगे, लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर ससुराल के लोगों ने दहेज की मांग करते हुए बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
आठ मई 2026 को दहेज की मांग करते हुए अर्चना को मारने-पीटने लगे। मौका पाकर जब वह घर से निकल गई तो ससुराल के लोग दौड़ कर आए और उसे रास्ते से ले जाकर कमरे में बंद करके मारापीटा, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।