सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के शहुआपुर गांव में मूर्ति विसर्जन के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होते ही नाथू शर्मा के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। शुक्रवार की आधी रात हुई इस घटना में घर का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, बिजली आपूर्ति शुरू होते ही घर में आग लग गई। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
हादसे में घर में खड़ी बाइक, अलमारी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, राशन, बेड और पंप सेट समेत अन्य घरेलू सामान जल गया। आग से परिवार को करीब तीन लाख रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है। घटना के बाद परिवार के सामने घरेलू सामान की व्यवस्था करने का संकट खड़ा हो गया।