निचलौल। अमड़ी पुल के आगे बुधवार शाम सड़क पर अचानक आई बकरी को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनका बेटा भी घायल हुआ है, जिसका सीएचसी में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मटरा गांव निवासी 38 वर्षीय बसंती पत्नी भोला बुधवार शाम करीब सात बजे अपने 19 वर्षीय बेटे सूरज के साथ बाइक से दवा कराकर घर लौट रही थीं। अमड़ी पुल के आगे अचानक सड़क पर बकरी आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बसंती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि सूरज को भी चोटें आईं। मौके पर जुटे राहगीरों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बसंती को मृत घोषित कर दिया जबकि सूरज का उपचार चल रहा है।
सूचना पर बहुआर चौकी की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।