सूचना पर पुलिस ने मशीन को कब्जे में लिया, चौरी चौराहे पर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गांगी बाजार/मुजुरी(महराजगंज)। पनियरा-मुजुरी मार्ग पर चौरी चौराहे के पास सड़क के निर्माण में लगी कैटर पिलर मशीन (सड़क निर्माण के वक्त गिट्टी का समतल करने वाली मशीन) की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मशीन को कब्जे में ले लिया।
कुआंचाफ के कोइलहिया निवासी शिवचरन (60) चौरी चौराहे से साइकिल से घर आते समय कटर मशीन के चपेट में आ गए। इससे मौके पर उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद इसे चला रहा शख्स फरार हो गया। शिवचरन मूलरूप से गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना के भौराबारी गांव के निवासी हैं। ये चार वर्ष से कुआंचाफ पेट्रोल पम्प के पास मकान बनाकर रह रहे थे। ये चाय की दुकान चलाते थे। इनके तीन बेटी और दो बेटे हैं। थानाध्यक्ष दिलीप कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है। मशीन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।