छठ पर्व के लिए भाई की ससुराल जा रहे थे भरत, ऑटो के सामने भैंस आने से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के शिकापुर-घुघली मार्ग पर बरवां खुर्द गांव के सामने बुधवार सुबह करीब आठ बजे ऑटो के सामने भैंस आ गई। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार सदर विधायक जयमंगल कनौजिया के भतीजे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। ऑटो में चार लोग सवार थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची घुघली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महाराजगंज के वीर बहादुर नगर वार्ड नंबर 12 निवासी बच्चा राम कनौजिया के बेटे भरत कन्नौजिया उर्फ पिंटू (32) छठ मनाने अपने भाई सिंटू की ससुराल बिहार जाने के लिए घुघली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने ऑटो से जा रहे थे। अभी वह बरवां खुर्द गांव के सामने पहुंचे थे कि ऑटो के सामने अचानक भैंस आ गई। हादसे में विधायक के भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक भरत नगर पालिका में जलकल विभाग में पंप ऑपरेटर थे।
लोगों ने बताया कि भरत सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया के बड़े भाई बच्चा राम कनौजिया के बेटे थे। भरत चार भाइयों व दो में सबसे बड़े थे। हादसे की सूचना पर मां रुना देवी व भाई बहनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। थानाध्यक्ष घुघली धनबीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से मिली तहरीर के अनुसार केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अस्पताल में जुटे भाजपा नेता
विधायक के भतीजे की मौत की खबर पाकर जिला अस्पताल परिसर में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। सांसद पंकज चौधरी, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल समेत पार्टी बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़े लोग अस्पताल पहुंचे और विधायक को सांत्वना दी।
मृतक भरत का फाइल फोटो- फोटो : MAHARAJGANJ
जिला अस्पताल में भतीजे की मौत के बाद रोते बिलखते सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया- फोटो : MAHARAJGANJ