गैरहाजिर चार अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई, जिसमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कौशल विकास, दुग्ध, उद्यान अधिकारी अनुस्पथित रहे। डीएम ने इन सभी अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए वेतन रोकने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया गया।
सेतु निर्माण राज्य मार्गों, सिंचाई पंप, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, निराश्रित व बेसहरा गोवंश को संरक्षित, टीकाकरण व पशुओं के इयर टैगिंग, आयुष्मान भारत (प्रधान मंत्री आरोग्य) योजना, गोल्डेन कार्ड, परिवार नियोजन कार्यक्रम, 102 व 108 एंबुलेंस सेवा, निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छ जल में हैंडपंपों का रीबोर, मरम्मत, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास शहरी व ग्रामीण योजना, कन्या सुमंगला तथा आइजीआरएस आदि की समीक्षा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि फसल नुकसान के बारे में आंकलन करने के लिए डीडीएजी को जरूरी निर्देश दिया गया है। किसानों को शत प्रतिशत योजना का लाभ मिलना चाहिए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ दें। आयुष्मान भारत योजना के तहत चयनित पात्र लाभार्थियों का गोल्डेन कार्ड बनाने का निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल, पीडी राजकरन पाल, अपर एसडीएम अविनाश कुमार, डीएसटीओ अजय यादव, डीडीओ सहित जिला स्तरीय अधिकारी व बीडीओ उपस्थित रहे।