नौतनवा। लखनऊ एसटीएफ का अधिकारी बताकर जालसाजों ने नगर के एक युवक से पांच हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करवा लिए हैं। जालसाज ने युवक को पोर्न वीडियो देखने पर केस दर्ज होने और चार लाख का जुर्माना लगाए जाने की धमकी दी थी। साथ ही इससे बचने के लिए उसने 18 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करने को कहा था। जानकारी के मुताबिक, जालसाल का फोन मंगलवार की सुबह कस्बा निवासी विंध्याचल को आया तो उसके होश उड़ गए। कार्रवाई और धमकी के डर से युवक ने 18 हजार रुपयों की मांग पर तत्काल अपने पास मौजूद पांच हजार रुपये बैंक खाते से जालसाज को ट्रांसफर कर दिए। बाकी पैसों को ट्रांसफर करने के लिए जब युवक ने किसी से उधार मांगने को फोन किया तो उन्होंने उसके साथ फर्जीवाड़ा होने की जानकारी देकर फोन काटकर पुलिस को इसकी सूचना देने की सलाह दी। तब जाकर युवक बाकी बचे पैसों की ठगी बच पाया। इस मामले में युवक ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।