बच्चों में विवाद को लेकर हुई मारपीट में मृतक की पत्नी हुई थी घायल
नौतनवा। बच्चों में विवाद को लेकर थाना क्षेत्र के गांव धोतियहवा टोला बढ़ैवा में दो पटीदारों में सोमवार को करीब साढ़े चार बजे मारपीट में हो गई। उसी दिन शाम को महिला पति और बच्चों को साथ लेकर ऑटो से मायके के लिए निकली, मगर रास्ते में ही अचानक तबीयत बिगड़ने से पति की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा थाना क्षेत्र में गांव धोतियहवा टोला बढ़ैवा निवासी हरिप्रकाश (30) गुजरात में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। सोमवार को वह घर से गुजरात जाने की तैयारी में थे, तभी बच्चों में विवाद को लेकर शाम लगभग साढ़े चार बजे हरि प्रकाश का उनके पटीदारों से मारपीट हो गई। इसके कारण हरिप्रकाश गुजरात नहीं गए। शाम को पत्नी निशा पति व बच्चों के साथ ऑटो से कोल्हुई थाना क्षेत्र के गांव कुशहा अपने मायके जा रही थी।
पत्नी निशा ने बताया कि रास्ते में ही अचानक पति हरि प्रकाश की तबीयत खराब हुई। हालत ज्यादा गंभीर होने पर ऑटो चालक ने उन्हें परसौना गांव के पास उतार दिया। इसकी जानकारी मिलते ही पहुंचे रिश्तेदार उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची अड्डा बाजार चौकी की पुलिस शव को कब्जे में ले लिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी निशा बेटी सौम्या (8), शुभी (6) और बेटा ऋषभ (3) का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर दो पटीदारों में विवाद हुआ था। मृतक की पत्नी बच्चों और पति के साथ मायके जा रही थी। रास्ते में तबीयत खराब हुई तो लोग इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी मिल पाएगी।