जमानत प्रपत्रों की जांच पूर्ण होने तक युवक को जेल में ही निरुद्ध रखने का आदेश
सोमवार को 7 घंटे तक मान-मनौवल के बाद बाद टावर से नीचे उतरा था युवक
नौतनवा। ग्राम सभा महदेइया में सोमवार की सुबह मोबाइल टावर पर चढ़कर ड्रामा करने वाले विशाल भारती पर एसडीएम ने कार्रवाई की है। घटना के बाद परसामलिक पुलिस ने मंगलवार को युवक का शांति भंग की धारा में चालान करते हुए उसे एसडीएम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था। मजिस्ट्रेट नवीन प्रसाद ने युवक की जमानत अर्जी को नामंजूर करते हुए उसे जेल भेज दिया।
बता दें कि परसामलिक क्षेत्र निवासी युवक विशाल भारती सोमवार की सुबह करीब 11 बजे परिजनों पर प्रेमिका से शादी का दबाव बनाने के लिए महदेइया स्थित एक टावर पर चढ़ गया था। इससे अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस के घंटों मान-मनौवल के बावजूद युवक अपनी ही जिद पर अड़ा रहा तो थक-हारकर उसकी प्रेमिका को ही मौके पर बुलाना पड़ा।
टावर पर चढ़े युवक से मौके पर पहुंच प्रेमिका ने मोबाइल फोन के जरिए वार्ता कर उसे नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया। करीब सात घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद युवक किसी तरह नीचे उतरा तब जाकर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने युवक को शांति भंग की धारा में पाबंद कर मंगलवार को एसडीएम न्यायालय चालान कर दिया।
वर्जन
युवक का यह कृत्य माफ करने योग्य नहीं है। मामले में पेश की गई जमानत प्रपत्रों की जांच होने तक युवक विशाल भारती को न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में रखने का आदेश दिया गया है।
- नवीन प्रसाद, एसडीएम