मिठौरा। थाना क्षेत्र चौक के ग्राम पडरी कला निवासी अभिषेक दुबे बुधवार को घर में लगे इन्वर्टर की लाइट ठीक कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मरम्मत के दौरान अचानक बिजली प्रवाहित हो गई और वह करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही अभिषेक जोर से चीख पड़े, जिससे घर के लोग घबरा गए और मौके पर दौड़ पड़े।
परिजनों ने किसी तरह उन्हें बिजली के संपर्क से अलग किया। घटना के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार करंट लगने से युवक झुलस गया था, हालांकि समय रहते अस्पताल पहुंच जाने से स्थिति नियंत्रण में रही। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया। घटना के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।