सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र में डेंजर पॉइंट देवीपुर दुबियारी पुल के पास सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तरकुलहा मंदिर से दर्शन कर लौट रहे युवक की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के शीतलापुर परतावल बाजार निवासी संदीप सिंह (25) तरकुलहा मंदिर दर्शन करने आए थे। शाम करीब 5:30 बजे वह घर लौट रहे थे तभी दुबियारी पुल पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना की सूचना पर तरकुलहा चौकी इंचार्ज सौरभ झा और एसआई रजनीश मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह स्थान लगातार हादसों का कारण बन रहा है। रविवार को भी इसी जगह एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें सूरजकुंड तिवारीपुर निवासी कृष्ण कांत श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हुए थे और बाद में एम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि दुबियारी पुल संकरा होने के साथ अब डेंजर पॉइंट बन चुका है।